हर्ष फायरिंग से एक शादी समारोह के कार्यक्रम में एक बालक को गोली लगने से रंग में भंग पड़ गया। मंगल गीतों की धुन के बीच चीख पुकार मच गई और अफरा तफरी का माहौल बन गया। सिर में गोली लगने के बाद परिजन बालक को जिला अस्पताल लेकर आए, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की ओर से तमंचा से गोली चलाने वाले के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव सोरखा निवासी पूरन सिंह की पुत्री सारिका की जिला अलीगढ़ के गांव ओंछोड़ से मंगलवार की रात बारात आई थी। इसी शादी समारोह में तमंचा से हर्ष फायरिंग की गई। एक गोली नौ वर्षीय अगम सोलंकी पुत्र ओमकार सिंह निवासी गांव असरौली थाना कोतवाली देहात को लगी जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ओमकार सिंह ने बताया है कि वह अपनी बुआ की बेटी की शादी में पुत्र अगम सोलंकी सहित परिजनों के साथ शामिल होने गए थे।
यहां पर रात करीब दो बजे जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। तभी सौरभ पुत्र चटर सिंह निवासी गंथरी थाना सिकंद्राराऊ जिला हाथरस की ओर से तमंचा से हर्ष फायरिंग की गई। एक गोली पुत्र के सिर को चीरती हुई निकल गई, गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने आरोपी सौरभ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।