आगरा। देश के टॉप पैरा सीडेड टेबल टेनिस खिलाड़ियों में शुमार आगरा के हैरी पाराशर दुबई में इसी साल होने वाले एशिया पैरा गेम्स में देश को पदक दिलाने के लक्ष्य के साथ तैयारियों में जुटे हैं। हैरी रोज 8 से 10 घंटे तक कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनके लिए यह सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि आगरा और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करने का मिशन है।
हैरी पिछले कुछ समय से देश के टॉप-5 पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ियों की रैंकिंग में लगातार बने हुए हैं। यह उनकी निरंतरता, तकनीक और मानसिक मजबूती का प्रमाण है। अब उनकी नजर 24 जनवरी से चेन्नई में होने वाले भारतीय रैंकिंग टूर्नामेंट पर है, जहां अच्छा प्रदर्शन कर वह अपनी ऑल इंडिया रैंकिंग को और बेहतर करना चाहते हैं। उनके कोच और चाचा मनोज पाराशर बताते हैं कि हैरी कमला नगर स्थित अकादमी में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक अभ्यास करते हैं। इसके बाद रात 8 बजे से लेकर करीब 12 बजे तक फिर से टेबल टेनिस में सामने पसीना बहाते हैं। आगरा के खेलप्रेमियों को अपने इस होनहार पैरा खिलाड़ी से बड़ी उम्मीदें हैं।