चालक परिचालक ने अस्पताल में कराया भर्ती, होश आने पर घर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर (मैनपुरी)। रोडवेज बस में आगरा से बेवर आने के लिए बैठा हरदोई का रहने वाला युवक जहरखुरानी का शिकार हो गया। जानकारी होने के बाद चालक परिचालक ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहां होश में आने के बाद पुलिस ने परिजन के साथ घर भेजा।
मूल रूप से जनपद हरदोई के रहने वाले अरुण कुमार किसी काम से आगरा गए थे। शनिवार की रात वह आगरा से कन्नौज डिपो की बस में बैठ कर बेवर आ रहे थे। बेवर निकलने के बाद तरावदेव टोल प्लाजा पर जब परिचालक ने सवारियों की गिनती की तो एक सवारी अधिक थी। देखा कि एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। चालक-परिचालक ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर में भर्ती कराया। बेहोश युवक के बारे में स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। इस बीच युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। होश में आने के बाद अरुण को पुलिस अपने साथ थाने ले गई। वहां से पुलिस ने उसे परिजन के साथ घर भेज दिया।