महिला के साथ उत्पीड़न करने वाली बहू
- फोटो : वीडियो से ली गई तस्वीर
कलयुगी बहू द्वारा बूढ़ी सास को पीटने का वीडियो सोमवार की देरशाम से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। वीडियो का संज्ञान पुलिस ने लिया और सास को पीटने वाली बहू की पहचान करके पकड़ लिया। आरोपी महिला के खिलाफ सिटीजन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
जलेसर के मोहल्ला महावीरगंज निवासी रामबाबू सिंह की मौत के बाद पत्नी गुड्डो देवी की मानसिक स्थित ठीक नहीं है। वह एक तरह से मानसिक बीमार हो गई है। गुड्डो देवी तरह-तरह की हरकतें करती रहती हैं। इसी बात से गुस्साई पुत्रवधू ज्योति पत्नी मुकेश ने सोमवार को बूढ़ी सास को डंडों से पीटा और उस पर ठंडा पानी डालकर प्रताड़ित किया।
बहू द्वारा सास को पीटने और प्रताड़ित करने का वीडियो किसी ने बनाकर उसे देरशाम सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रदेश स्तर तक पहुंच गया। वहां से संज्ञान लेने के बाद जिले की पुलिस हरकत में आ गई।
पुलिस ने वीडियो को देखा और बूढ़ी सास को पीटने वाली महिला ज्योति को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह ने बताया है कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर सिटीजन एक्ट के तहत कार्रवाई कर चालान कर दिया है।