घड़ी में जैसे ही रात 12 बजे, शुरू हो गया जश्न। लोग बोले, हैप्पी न्यू ईयर। आतिशबाजी की और एक दूसरे को बधाई दी। कुछ इसी अंदाज में नए साल 2022 का आगाज हुआ। कोविड गाइडलाइन की वजह से नए साल को लेकर शहर में बड़े आयोजन तो नहीं हुए, मगर कुछ होटल और रेस्टोरेंट में रूफ टॉप पर डीजे लगाकर लोगों ने जमकर जश्न मनाया। कालोनियों में भी नववर्ष आगमन की खुशी में लोगों ने खूब धमाल मचाया।
युवक - युवतियों ने नए साल को खास बनाने के लिए पहले से तैयारी की हुई थीं। रेस्टोरेंट और होटल संचालकों ने फैमिली और कपल एंट्री के लिे विशेष पैकेज भी दिए थे। इसके चलते शहर के एमजी रोड, फतेहाबाद रोड, सिकंदरा और संजय प्लेस के आसपास रेस्टोरेंट पर न्यू ईयर पार्टी के लिए लोग जुट गए थे। रात 12 बजे से पहले तक डीजे से बजते गानों पर लोगों ने जमकर डांस किया। भावना क्लार्क इन में रूफ टॉप पर कार्यक्रम हुआ, जिसमें लोगों ने खूब मनोरंजन किया। भावना स्टेट के कावेरी कोस्तुभ अपार्टमेंट में फैमिली पार्टी का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने फिल्मी गानों पर नृत्य कर नए साल की खुशी मनाई। इसी तरह नीरव निकुंज स्थित व्हाइट हाइस अपार्टमेंट में न्यू ईयर पार्टी का आयोजन किया गया। सिंकदरा हाइवे पर एक होटल की छत से रात 12 बजे आतिशबाजी की गई। खेरिया मोड स्थित शुभ लग्न मैरिज होम में एंडेवर इंस्टीट्यूट की तरफ से दिन में ही नववर्ष आगमन का कार्यक्रम हुआ। उसमें छात्र छात्राओं ने खूब धमाल मचाया।
घरों में मंगाए पसंदीदा व्यंजन
नववर्ष की खुशी मनाने के साथ ही लोगों ने सतर्कता भी बरती। परिवार के साथ लोगों ने घर में ही जश्न मनाया। अपने पसंदीदा व्यंजन ऑनलाइन ऑर्डर करके मंगाए। इसी कारण संजय प्लेस में फूड प्लाजा पर जोमेटो, स्वीगी आदि सर्विस प्रोवाइडर के कार्यकर्ताओं की भीड़ रही। जो ऑर्डर के मुताबिक सामान लेकर ग्राहकों तक पहुंचा रहे थे।
महताब बाग से ताज का दीदार
साल के आखिरी दिन लोग ताज का दीदार नहीं कर सके। नववर्ष आगमन की खुशी को ताज के साथ मनाने के लिए अनेक युवक युवतियां महताब बाग में पहुंची। वहां यमुना पार से ही ताज का दीदार किया। कई युवतियां अपने साथ थर्माकोल से बना और पॉलीथिन का आर्टिफिशियल 2022 लेकर पहुंचे थे।
गाइडलाइन के पालन को पुलिस रही सक्रिय
कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने हिदायत दी थी कि नाइट कर्फ्यू का कड़ाई से पालन किया जाए। इसी के चलते रात 11 बजे से पहले ही पुलिस के वाहन प्रमुख बाजारों में घूमकर दुकानों को बंद करने के लिए कहते नजर आए। हरी पर्वत, खंदारी, भगवान टॉकीज आदि चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। ट्रैफिक पुलिसकर्मी की भी ड्यूटी रही। हालांकि किसी भी स्थान पर पुलिस चेकिंग करती नजर नहीं आई।