आईजी से शिकायत करने के लिए अब आईजी दफ्तर आना जरूरी नहीं रह गया है। आप चाहें तो घर बैठे अपनी शिकायत आईजी को दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए आपकी प्रार्थना पत्र 9454405165 पर व्हाट्स एप करना होगा। आईजी सुजीत पांडे ने यह नंबर जारी किया है। इस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम का गठन भी किया है। आपकी समस्या का समाधान होन ेपर आईजी की ओर से आपको फोन पर सूचना भी दी जाएगी।
यह नंबर सिर्फ व्हाट्स एप के लिए है। इस पर फोन रिसीव नहीं किए जाएंगे। अगर आपके घर के आस पास जुआ या सट्टा होता है या फिर अपराधियों का जमावड़ा रहता है और आपको परेशानी है, तो आप इसकी सूचना इस नंबर पर दे व्हाट्स एप कर सकते हैं। आपके किसी मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही या कोई घटना हो जाने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही, जैसी शिकायतें इस नंबर पर की जा सकती हैं।
आगरा जोन के सभी जनपदों आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, हाथरस और अलीगढ़ के लिए यह नंबर जारी किया गया है। इस पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण अधिकतम सात दिन के भीतर किया जाएगा।
--। प्रार्थना पत्र की फोटो खींचों और भेज दो
आप इस नंबर पर अपना पूरा प्रार्थना पत्र भेज सकते हैं। इसके लिए आपको प्रार्थना पत्र का फोटो खींचना और भेज देना है। आईजी की टीम इसे पूरा पढ़ेगी। इसका प्रिंट निकालेगी। इसके बाद जैसे किसी के ऑफिस में आकर प्रार्थना पत्र देने पर कार्रवाई होती है, वैसे ही की जाएगी।
--। वीडियो - ऑडियो भी कर सकते हैं व्हाट्स एप
अगर आप आईजी से कोई बात कहना चाहते हैं तो इसकी वीडियो या ऑडियो बनाकर भेज सकते हैं। अगर आपको कहीं कोई रिश्वत लेता नजर आए या कोई पुलिसकर्मी आपसे बदसलूकी करे आप उस पर कार्रवाई कराना चाहते हैं तो उसकी वीडियो बनाइए और भेज दीजिए।