बेवर, मैनपुरी। कस्बा स्थित एक होटल में करीब 10 दिन पूर्व जुआ खेलने के दौरान एक युवक को पीटकर घायल कर दिया गया था। शनिवार सुबह युवक ने इलाज के दौरान आगरा में दम तोड़ दिया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच व तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर निवासी 26 वर्षीय जिम संचालक लवी शुक्ला 23 जून को साथियों के साथ गग्गरपुर नहर पुल के पास सुमेर सिटी होटल मॉल जुआ खेलने गया था। वहां विवाद में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भाई सौरभ शुक्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि 23 जून को भाई लवी ने बताया कि उसे पूर्व प्रधान कौशलेंद्र व प्रधान प्रतिनिधि सुनील पाल ने फोनकर सुमेर सिटी होटल बुलाया। वहां बागपुर निवासी कौशलेंद्र उर्फ पिंटू, अमरेंद्र सिंह उर्फ रामू, सुनील पाल निवासी गग्गरपुर, पंकज उर्फ विकास निवासी मुर्रा मुखड़ा छिबरामऊ कन्नौज, अरविंद कुमार निवासी बिल्सड़ा बेवर जुआ खेल रहे थे। नामजदों ने जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद भाई को सरिया आदि से पीटकर होटल के पास डाल दिया था। आगरा में इलाज के दौरान शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
बरामद की नगदी
आरोप है जिस होटल में लवी के साथ मारपीट हुई वहां लोगों को जुआ खिलाया जाता है। कुछ दिन पूर्व पुलिस ने दबिश देकर क्षेत्र से जुआ खेल रहे कुछ लोगों को गिरफ़्तार कर लाखों रुपये की नकदी बरामद की थी।
----
वर्जन
मुकदमा दर्ज करनेे के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट व जांच के आधार पर पुलिस मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।
चंद्रकेश सिंह, सीओ भोगांव