कासगंज के जिला चिकित्सालय में सोमवार को पर्चा बनवाने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। ठंडी हवा के झोंके लोगों की सांसे उखाड़ रहे हैं तो वहीं लोगों के घुटनों में दर्द की शिकायतें भी आने लगी हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में 1125 मरीज इलाज के लिए पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को दिक्क्तों का सामना करना पड़ा।
जिले में ठंडी हवा चलना शुरू हो गई है। जिसके चलते लोगों की सेहत प्रभावित होने लगी है। रविवार के अवकाश के बाद जैसे ही जिला अस्पताल खुला मरीजों की भीड़ इलाज के लिए उमड़ पड़ी। मरीजों ने जैसे तैसे अपना पर्चा बनवाया। इसके बाद मरीज चिकित्सकों को दिखाने के लिए उनके कक्षों की ओर पहुंचना शुरू हो गए। यहां भी मरीजों की भीड़ जमा हो गई। अस्पताल पर 37 मरीज सांस की बीमारी से पीड़ित होकर पहुंचे, लेकिन इन मरीजों के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी खली। ऐसे में इन मरीजों को सामान्य चिकित्सक को दिखाकर ही काम चलाना पड़ा। डायरिया के 29 मरीज पहुंचे, लेकिन पेट रोग से जुड़ा विशेषज्ञ चिकित्सक न होने से मरीजों को दिक्कतें हुईं।
बुखार के 125 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जिसमें से टाइफाइड के लक्षण मिलने पर 19 मरीज, डेंगू के लक्षण मिलने पर 16 मरीज एवं मलेरिया के लक्षण मिलने पर 22 मरीजों को रक्त की जांच लिखी गई। प्रयोगशाला में दोपहर 12 बजे तक जांच की व्यवस्था होने से ये मरीज तेजी से प्रयोगशाला की ओर जाते नजर आए। जांच में दो मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हो गई। चिकित्सकों ने 34 मरीजों को अल्ट्रासाउंड व 125 मरीजों को एक्सरे लिखा। एक चिकित्सक होने से इन मरीजों को अपनी बारी आने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।