कासगंज। विद्यालय में जाम छलकाना गुरुजी को महंगा पड़ा। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच में मामला सही पाए जाने पर बीएसए ने उन्हें निलंबित कर दिया है। मामले की जांच पटियाली के खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है।सिढ़पुरा ब्लॉक के फतेहपुर प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हीरेंद्र सिंह विद्यालय में अपने कार्यालय में साथियों के साथ शराब पी रहे थे। जानकारी होने पर कुछ ग्रामीणों ने उनका वीडियो बना लिया गया। ग्रामीण निशांत, रणवीर सिंह, शिवम, दीपक, संजय कुमार ने इस मामले की शिकायत करते हुएबीएसए को शिकायती पत्र के साथ वीडियो फुटेज भी दी। बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने इस शिकायत के बाद मामले की जांच कराई। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। प्रधानाध्यापक के शराब पीने की शिकायत एक सप्ताह पहले ग्रामीणों ने की थी। इस शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। बीईओ सिढ़पुरा राजकुमार ने बताया कि बीएसए द्वारा इस प्रकरण की जांच एबीएसए पटियाली को सौंपी गई है।