आगरा। सदर बाजार स्थित गुरुद्वारा कलगीधर साहिब में बैसाखी एवं खालसा सृजना दिवस पर तीन दिवसीय गुरमत समागम का समापन मंगलवार को हुआ। मंगलवार को दिनभर चले कीर्तन दरबार में दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी सरबजीत सिंह, जसपाल सिंह, केवल सिंह और हरजीत सिंह ने गायन कर संगतों को निहाल किया। कीर्तन-कथा के माध्यम से गुरु गोविंद सिंह के जीवन और खालसा पंथ की स्थापना के महत्व को बताया गया। गुरुद्वारा गुरु का ताल के राजेंद्र सिंह इंदौलिया ने संगत को बैसाखी की शुभकामनाएं दीं। प्रबंधक कमेटी ने उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। समापन पर अमरीक सिंह ने अरदास की और हुक्मनामा लिया। इसके बाद अटूट लंगर में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान रमन साहनी, रविंद्र सिंह ओबेरॉय, श्याम भोजवानी, सुरजीत छाबड़ा, बंटी ओबेरॉय, बबलू अर्शी, हरभजन सिंह, निर्मल सिंह, हेमंत और संजय सेठ आदि मौजूद रहे।