खेरागढ़। तहसील अन्तर्गत विकास खंड सैंया के गांव हिरोड़ा के मजदूर प्रेम सिंह ने अपनी पुत्रवधू नेहा के नाम राशन कार्ड बनवाने के लिए करीब दो महीने पहले समस्त प्रपत्रों सहित ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है आज तक राशन कार्ड नहीं बन सका है। पीड़ित का आरोप है वह दो महीने से लगातार कई बार तहसील कार्यालय की रैलिंग के सहारे बमुश्किल सीढ़ियां चढ़ तीसरी मंजिल स्थित आपूर्ति विभाग कार्यालय के चक्कर काट रहा है। सैंया के आपूर्ति निरीक्षक एक भी दिन कार्यालय में नहीं मिले। पीड़ित ने एसडीएम ऋषि राव से न्याय की गुहार लगाई है। मामले में डीएसओ आनंद कुमार ने बताया मामले की जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।