आगरा में स्टेट जीएसटी की टीम ने ट्रांसयमुना के चर्चित रेस्तरां में छापा मारा। विशेष अनुसंधान शाखा ने इससे जुड़ी शमशाबाद रोड की इकाई पर भी शुक्रवार रात तक कार्रवाई की, जिसके बाद 49.50 लाख रुपए जमा कराए गए।
ट्रांस यमुना स्थित जैन रेस्तरां में जीएसटी की टीम पहुंची तो रेस्तरां मालिक इसे बंद करके भाग गया। छापे के डर से आसपास की दुकानें बंद हो गईं। रेस्तरां संचालक के भी न मिलने की वजह से कार्रवाई शुक्रवार दोपहर में शुरू हो सकी। क्षेत्रीय बाजार कमेटियों ने इस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को पंचायत करने का ऐलान किया है। शमसाबाद रोड स्थित इकाई के आईआरसीटीसी सप्लाई में खामी को लेकर जांच की गई।
फर्म द्वारा सप्लाई पर काटे गए टीडीएस एवं घोषित सप्लाई में विसंगति बताई गई। रेस्तरां सेवा से जुड़ी फर्म ने लगातार चार माह से रिटर्न भी फाइल नहीं किया था। अपर आयुक्त ग्रेड-1 पंकज गांधी एवं अपर आयुक्त ग्रेड-2 अंजनी अग्रवाल के निर्देशन में संयुक्त आयुक्त बीडी शुक्ला ने इटावा, टूंडला, अलीगढ़ में स्थित फर्म की शाखाओं की जांच भी कराई। फर्म से 49.50 लाख रुपये जमा कराए गए। इस दौरान सुभाष चंद्र, विनीता श्रीवास्तव, अतुल आर्या, लोकेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।