कासगंज/सिढ़पुरा/गंजडुंडवारा/पटियाली/अमांपुर। जिले में पिछले दो दिनों से जीएसटी टीमों की छापामार कार्रवाई का असर बुधवार को बाजार बंद के रुप में दिखा। जिले भर में करीब 10 कारोबारियों के यहां जीएसटी की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए जांच पड़ताल की। कारोबारियों को नोटिस दिए गए और उनसे खरीद बिक्री का विवरण का सत्यापन कराने को कहा। टीमों की कार्रवाई से छोटे, बड़े सभी व्यापारियों के बीच खौफ का आलम रहा। इसके चलते जिला मुख्यालय सहित सिढ़पुरा, अमांपुर, बिलराम, गंजडुंडवारा, पटियाली सहित अन्य इलाकों के बाजारों की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं, जिससे सन्नाटे का आलम बना रहा।
व्यापार मंडल के नेताओं ने जामा मस्जिद चौराहे पर पहुंचकर जीएसटी टीम से बातचीत की और व्यापारियों का उत्पीडऩ न करने की चेतावनी दी। व्यापारी नेताओं ने जिलाधिकारी से भी वार्ता कर मांग की कि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की मौजूदगी में जीएसटी की टीम जांच पड़ताल करे। जीएसटी की 4 टीमें कासगंज, सिढ़पुरा, गंजडुंडवारा और पटियाली इलाके में रहीं। इनके द्वारा रेडीमेड, कॉस्मेटिक, मीट, मुर्गा, बिरयानी, लोहा आदि की दुकानों पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई। टीमों ने दुकान पर मौजूद सामान के बिल बाउचर देखे और कारोबारियों से खरीद बिक्री के संबंध में पूछताछ की। देर सायं तक जीएसटी टीमों की कार्रवाई अलग अलग स्थानों पर चल रही थी। पूरे दिन जीएसटी टीमों की छापामार कार्रवाई के कारण बाजारों में सन्नाटे का आलम बना रहा। जिससे ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जीएसटी टीम मुर्गा, मीट और बिरयानी की छोटी छोटी दुकानों पर जांच को पहुंची। गंजडुंडवारा में एक मीट की दुकान पर जीएसटी की टीम पहुंची तो दुकान संचालक आजाद मियां समझे कि लोग मुर्गा खरीदने आए हैं। जैसे ही टीम ने बताया कि वे जीएसटी के अधिकारी हैं तो आजाद डर गया। वहीं पटियाली में भी चार किलो चावल की बिरयानी बेचने वाले दुकानदार युनुस के यहां भी अधिकारियों ने जांच की। शहर के जामा मस्जिद तिराहे पर भी बिरयानी की दुकान पर की जा रहीं जांच पड़ताल पर सवाल किए तो अधिकारियों ने कहा कि ऊपर से ही जांच करने के निर्देश मिले हैं।
भरगैन के बीड़ी कारोबारी के यहां सायं के समय जीएसटी अधिकारियों की बड़ी टीम शासन के निर्देश पर छापामार कार्रवाई के लिए पहुंची। जीएसटी टीम के साथ पुलिस की सुरक्षा भी मौजूद थी। सायं से शुरू हुई छापामार कार्रवाई देर रात तक चलने की उम्मीद है। सहायक आयुक्त जीएसटी हरीश चंद्र मौर्य ने बताया कि कार्रवाई को समय लगेगा। पूरी जांच पड़ताल की जा रही है।
जिले में चार टीमें जीएसटी की जांच पड़ताल कर रही हैं। कारोबारियों के पंजीयन, खरीद, बिक्री आदि के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जिले में 10 स्थानों पर यह कार्रवाई हुई है और कार्रवाई जारी है- मनोज कुमार, सहायक आयुक्त, जीएसटी कासगंज।
जिले में जीएसटी की टीमों की कार्रवाई को लेकर व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। जिलाधिकारी एवं जीएसटी टीम के अधिकारियों से कार्रवाई के संबंध में वार्ता की गई है। अनुरोध किया है कि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की मौजूदगी में जांच की कार्रवाई की जाए। व्यापारियों का उत्पीड़न न किया जाए। यदि उत्पीड़न किया तो व्यापार मंडल बर्दाश्त नहीं करेगा।- अखिलेश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष, व्यापार मंडल, कासगंज।