आगरा के दयालबाग में शादी समारोह के दौरान दूल्हा के जीजा ने गोली चला दी। जिससे बरातियों में भगदड़ मच गई। शादी समारोह में फोटो खींच रहा कैमरामैन गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा के दयालबाग स्थित मैरिज होम द ग्रैंड सेलिब्रेशन में बुधवार रात को बरात में दूल्हे के जीजा ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुशी में गोली चला दी। गोली लगने से कैमरामैन घायल हो गया। गोली दाईं जांघ से पार निकल गई। समारोह में अफरातफरी मच गई। आरोपी जीजा भाग निकला। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
जज कंपाउंड निवासी अभिनव उपाध्याय (27) शादी समारोह में फोटोग्राफी करते हैं। बल्केश्वर निवासी प्रदीप ने शादी में फोटोग्राफी की बुकिंग ली थी। बुधवार को विमल वाटिका, कर्मयोगी निवासी गाैरव गुप्ता की बरात मैरिज होम द ग्रैंड सेलिब्रेशन में गई थी। अभिनव फोटोग्राफी कर रहे थे। आरोप है कि रात तकरीबन 11 बजे बरात चढ़ने के दौरान दूल्हे के जीजा अर्पित गुप्ता ने लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग की।
अभिनव के चाचा अक्षत उपाध्याय ने बताया कि चिकित्सकों ने ऑपरेशन करके बारूद निकाल दिया गया है। हड्डी अलग हो गई थी। लोग बता रहे हैं कि रिवाल्वर से गोली चलाई गई थी। हालांकि उन्हें आशंका है कि तमंचे का प्रयोग किया गया। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि घायल के भाई अविरल की तहरीर पर अर्पित गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज किया है। अर्पित का गिलट की पायल का काम है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।