न्यू आगरा के नगला पदी में परचून दुकानदार अमित गुप्ता (42) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार सुबह फंदे पर शव लटका मिलने पर पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है।
अमित गुप्ता की न्यू आगरा थाने के पास डेली नीड्स की दुकान है। परिवार में पत्नी साधना और दो बच्चे हैं। अमित के भाई प्रशांत गुप्ता ने बताया कि भाई कई साल से आगरा में रहकर व्यापार कर रहे थे। कोरोना काल में उन्हें काफी नुकसान हो गया था। वह तनाव में रहने लगे थे।
जंजीर से लटका मिला शव
अमित गुप्ता को परिवार के लोग समझाते थे। परिजनों ने बताया कि अमित गुप्ता बुधवार रात को सोये थे। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे पत्नी साधना जागी तो, अमित का शव घर के टट्टर से बंधी जंजीर से लटका मिला। साधना ने परिवार के लोगों को सूचना दी।
थाना न्यू आगरा के प्रभारी भूपेंद्र बालियान ने बताया कि अमित गुप्ता का मनोरोग चिकित्सक से इलाज चल रहा था, परिजनों ने यही लिखकर दिया है। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। घर में कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।