मैनपुरी। देश के कई हिस्सों में आई बाढ़ का असर सब्जियों के दामों पर पड़ा है। अचानक हरी सब्जियों के दामों में महंगाई का तड़का लग गया है। लोगों की थाली से प्याज गायब होने लगी है। सोमवार को प्याज 60 रुपये प्रति किलो बिका। वहीं हरा धनिया दो सौ रुपये किलो बिक रहा है।
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में आई बाढ़ का असर हरी सब्जियों पर पड़ा है। 15 दिन के अंदर हरी सब्जियों के दामों में तेजी से उछाल आया है। अचानक हरी सब्जियों के दामों में आए उछाल से रसोई का बजट गड़बड़ा गया है।
आम आदमी अब हरी सब्जी खरीदने में कोताही बरतने लगा है। दुकानदारों का कहना है बाढ़ के चलते हरी सब्जियों की मंडी में ही कम आवक हो रही है। इसके चलते हरी सब्जियों के दामों में इजाफा हो रहा है। दूसरी ओर इन दिनों श्राद्ध पक्ष के चलते घरों में हरी सब्जियों की मांग तेजी से बढ़ी है।
सब्जियों के दाम अधिक होने के बाद भी लोग श्राद्ध पक्ष के चलते इन दिनों हरी सब्जियां महंगे दामों पर भी खरीद रहे हैं।
सब्जी 15 दिन पहले का भाव आज का भाव
टमाटर 15 रुपये किलो 25 रुपये किलो
फूल गोभी 20 रुपये किलो 30 रुपये किलो
बंद गोभी 30 रुपये किलो 40 रुपये किलो
प्याज 30 रुपये किलो 60 रुपये किलो
हरा धनिया 150 रुपये किलो 200 रुपये किलो
अरबी 20 रुपये किलो 30 रुपये किलो
शिमला मिर्च 40 रुपये किलो 60 रुपये किलो
भिंडीं 15 रुपये किलो 20 रुपये किलो
बैंगन 15 रुपये किलो 20 रुपये किलो
हरी सब्जियों के दामों में 15 दिनों में तेजी से उछाल आया है। दालें पहले से ही महंगी हैं। ऐसे में घर का खर्चा चलाना ही मुश्किल हो रहा है।
बॉबी कुमार, भांवत चौराहा
बाजार में पहले से ही महंगाई चरम पर है। अब तो हरी सब्जियों ने भी आम आदमी की कमर तोड़ दी है। थाली से हरी सब्जी गायब हो रही है।
बबलू सिंह, भांवत चौराहा
हरी सब्जियों ने तो अब कमर ही तोड़ दी है। बाजार में हरी सब्जियां इतनी महंगी हैं कि सब्जियां खरीदने से पहले कई बार सोचना पड़ता है।
रेशमा, आश्रम रोड
हरी सब्जियां इतनी महंगी हो गई हैं कि अब रसोई का बजट ही गड़बड़ा गया है। हरी सब्जी खरीदने और बनाने में परेशानी हो रही है।
-सर्वेश मिश्रा, पुराना शहर
दो सप्ताह से मंडी में हरी सब्जियों की आवक कम हो गई है। अधिकांश सब्जियां बाहर से आती हैं। वहीं पितृ पक्ष के चलते सब्जियों की मांग भी बढ़ी है। इस कारण सब्जी के दामों में बढ़ोतरी हुई है। मैनपुरी में नासिक से प्याज की अधिक आवक होती है।
बन्ने मियां, आढ़ती