मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को 5142 करोड़ की ग्रेटर आगरा टाउनशिप का शिलान्यास करेंगे, जिसकी तैयारियों का निरीक्षण प्रभारी मंत्री ने किया। इस परियोजना से करीब 50 हजार लोगों को आधुनिक सुविधाओं वाले घर मिलेंगे और शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को प्रस्तावित दौरे के लिए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। रविवार को प्रदेश के पर्यटन एवं आगरा के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सर्किट हाउस और कमिश्नरी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की ओर से दी जा रही ग्रेटर आगरा की सौगात विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
विज्ञापन
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ इनर रिंग रोड, एक्सप्रेसवे के नजदीक रायपुर-रहनकलां स्थितइस प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए इनर रिंग रोड से गढ़ी संपत तक पीडब्ल्यूडी विभाग नई सड़क का निर्माण करा रहा है। यह मार्ग कई वर्षों से जर्जर था, जिससे लोग परेशानी झेल रहे थे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 2:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर उतरेगा। 2:45 बजे वह ग्रेटर आगरा का शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद करोड़ों की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। निरीक्षण के दाैरान प्रभारी मंत्री ने मंच व्यवस्था, हेलीपैड, पार्किंग, मीडिया दीर्घा और सुरक्षा मानकों के बारे में नोडल अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने शिलापट्टों की तैयारी और लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरण की सूची समय से पूर्ण करने को कहा। बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को ग्रेटर आगरा की प्रस्तावित टाउनशिप का शिलान्यास करेंगे, जिसके बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, कई विधायक व अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले मंडलायुक्त कार्यालय में हुई बैठक में मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
33 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से होगी बिक्री
करीब 5142 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से विकसित होने वाली यह टाउनशिप 449.65 हेक्टेयर भूमि पर बनेगी। यह टाउनशिप विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर, चौड़ी सड़कों और अत्याधुनिक नागरिक सुविधाओं से लैस होगी। इस नई टाउनशिप के लिए प्लॉट की दरें तय कर दी गई हैं। इस टाउनशिप के विकसित होने से शहर के करीब 50 हजार लोगों को आधुनिक सुख-सुविधाओं से युक्त घर मिल सकेगा। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार योजना के तहत न्यूनतम 33 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर का रेट आवासीय योजना के लिए निर्धारित किया गया है। व्यावसायिक श्रेणी के लिए करीब 66 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर खर्च करने होंगे। वहीं, भूतल पर व्यावसायिक और ऊपर के तल पर आवासीय परिसर निर्माण करने के लिए मिश्रित उपयोग वाले प्लॉट भी उपलब्ध रहेंगे। इनके लिए करीब 50 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर चुकाने होंगे।