मैनपुरी। अधिकारियों के आदेश के बाद भी ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त की धनराशि से भुगतान नहीं किया जा रहा है। धनराशि प्राप्त होने के एक माह बाद भी भुगतान न करने पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। दो दिन में भुगतान न करने पर सचिवों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिले में कुल 552 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें केंद्र सरकार से 15वें वित्त की धनराशि प्रत्येक ग्राम पंचायत में भेजी गई थी। इससे सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवन का प्राथमिकता पर निर्माण कराया जाना है।
एक माह का समय बीतने के बाद भी अब तक 477 ग्राम पंचायतों ने ही भुगतान किया है, शेष 75 ग्राम पंचायतों में बार-बार निर्देश के बाद भी सचिवों ने भुगतान नहीं किया। इस पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दो दिन में भुगतान कराने के निर्देश दिए। अगर बुधवार तक ये ग्राम पंचायतें भुगतान नहीं करती हैं तो सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ब्लॉकवार ग्राम पंचायतों की संख्या
ब्लॉक कुल ग्राम पंचायतें भुगतान न करने वाली पंचायतें
घिरोर 57 18
बेवर 87 04
बरनाहल 61 03
जागीर 37 05
करहल 65 04
किशनी 62 06
कुरावली 64 14
मैनपुरी 48 13
सुल्तानगंज 71 08
- सभी पंचायत सचिवों को 15वें वित्त की धनराशि से भुगतान कराने के आदेश दिए गए हैं। दो दिन का अंतिम मौका सचिवों को दिया गया है। इसके बाद भी अगर भुगतान नहीं किया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी। - ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी।