राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 19 मार्च को एटा आ रही हैं। वह यहां केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी और योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात करेंगी।
इस दौरान क्षय रोगियों को गोद लेने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता करेंगी। राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर मुख्य विकास अधिकारी मदन वर्मा ने विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक की।
इसमें बताया कि राज्यपाल के समक्ष भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। डीएम सुखलाल भारती जनपद में योजनाओं की सफलता से अवगत कराते हुए राज्यपाल को प्रगति पुस्तिका सौंपेंगे।
सरकारी महकमे में खलबली
राज्यपाल के आने से सरकारी महकमे में खलबली मची है। शहर को चमकाने के लिए नगर पालिका ने भी कमर कस ली है। नगरपालिका ने शहर को धूल से मुक्त कराने के लिए योजना बना ली है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. दीप वार्ष्णेय ने बताया कि 18 मार्च तक शहर की पूरी तरह से साफ-सफाई करा दी जाएगी। कहीं भी कूड़े के ढेर लगे नजर नहीं आएंगे। वहीं कोतवाली नगर के सामने खड़े वाहनों को भी हटवाकर सफाई की जाएगी और पुलिस द्वारा पकड़े गए वाहनों को कहीं और शिफ्ट किया जाएगा।
इन योजनाओं की करेंगी समीक्षा
जनधन, उज्ज्वला, जीवन बीमा, प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री किसान बीमा, आरोग्य भारत, आयुष्मान भारत, रेडक्रास समिति, जिला क्षय रोग, कुपोषित और स्कूल छोड़ने वाले बच्चों, जैविक खेती, बागवानी, वर्मी कंपोस्ट, कृषि विज्ञान केंद्र, स्वयं सहायता समूह, एक जनपद-उत्पाद, स्वच्छता अभियान आदि।