प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने कहा, भ्रष्टाचारी बिजली कर्मी होंगे बर्खास्त,
- फोटो : अमर उजाला
विद्युत नियामक आयोग हो या व्यथा निवारण फोरम, ग्राहकों ने टोरंट द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न की सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज करा रखी हैं। प्रदेश सरकार के सामने टोरंट की कई शिकायतें पहुंची हैं, जिनकी जांच कराई जाएगी। उपभोक्ताओं का उत्पीड़न न कोई कंपनी कर पाएगी, न कर्मचारी। भ्रष्टाचार में लिप्त बिजलीकर्मियों को बर्खास्त किया जाएगा और उन पर मुकदमा भी चलेगा। यह कहना है प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा का। वे आगरा में सूरसदन में डिजिधन कार्यक्रम में आए हुए थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी यूपी के लोगों को 24 घंटे बिजली देने का सपना पूरा करने में लगे हुए हैं। आगरा से वह सीधे लखनऊ में मुख्यमंत्री को बिजली के लिए प्रजेंटेशन देने जा रहे हैं। 14 अप्रैल को सस्ती बिजली देने के लिए उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार के बीच एमओयू साइन होगा। प्रदेश में रोस्टर के मुताबिक गांव, कस्बों, महानगरों और कमिश्नरी को बिजली दी जाएगी। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि बेशक प्रदेश में उन्हें जर्जर विद्युत व्यवस्था मिली है, लेकिन सरकार की इच्छाशक्ति दृढ़ है। पावर कारपोरेशन और निगमों को भ्रष्टाचार मुक्त किया जाएगा। अगर कोई बिजलीकर्मी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया तो सस्पेंड की जगह बर्खास्त किया जाएगा और उस पर मुकदमा चलाने तथा रकम की वसूली भी की जाएगी।