यदि आपकी आय साढ़े तीन लाख या उससे कम है। और आपका बच्चा 8वीं कक्षा का छात्र है, तो आगे की पढ़ाई में उसकी मदद सरकार करेगी। इसके लिए उसे राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा पास करनी होगी। इसके बाद कक्षा 9 से 12 तक हर साल बच्चे के खाते में 12 हजार रुपये आते रहेंगे।
इस परीक्षा में परिषदीय, माध्यमिक, राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। इसके लिए कक्षा पांच की परीक्षा 55 प्रतिशत अंकों के साथ पास करना अनिवार्य है। अनुसूचित जाति व जनजाति (एससी-एसटी) छात्रों के लिए अंकों में पांच प्रतिशत की छूट है।
जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, सैनिक स्कूल, राजकीय आवास विद्यालय व प्राइवेट विद्यालय के विद्यार्थी पात्रता श्रेणी से बाहर हैं। परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पांच अगस्त से शुरू हो गई है। आगरा के 269 विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिल सकता है।
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पांच सितंबर तक किए जा सकेंगे। परीक्षा 10 नवंबर को होगी। केंद्र के साहब सिंह ने बताया कि आवेदन निशुल्क है। अभ्यर्थी जाति प्रमाणपत्र अपलोड करना न भूलें।
जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान के डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि परीक्षा में मानसिक योग्यता एवं तार्किक परीक्षण के 90 प्रश्न, विज्ञान के 35, सामाजिक विज्ञान के 35 और गणित के 20 प्रश्न आते हैं। कुल 180 प्रश्न हल करने के लिए तीन घंटे का समय मिलता है।
उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य डॉ. आईपीएस सोलंकी की देखरेख में तीन वर्ष से डायट की ओर से बच्चों के लिए अभ्यास पेपर तैयार किए जा रहे हैं। 2022 से लगातार 264 छात्र चयनित हो रहे हैं। पांच सीटें इसलिए रह गईं कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र नहीं मिले।