मैनपुरी। जय जवान जय किसान अभियान के तहत कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को विकासखंड जागीर के गांव मेदेपुर में चौपाल लगाई। जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य ने कहा देश के अन्नदाता किसान के साथ केंद्र की भाजपा सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों से किसान पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा। कृषि कानूनों से किसानों का कोई भला होने वाला नहीं है। सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने की ही नीतियां बना रही है। कांग्रेस ने अपने शासन में किसानों के ऋण माफ किए। खेती के लिए खाद, बीज, बिजली, पानी की व्यवस्था कराई। भाजपा सरकार में किसान चारों ओर से परेशान हो रहा है। उन्होंने कहा खुले मेें घूमने वाले गोवंश खेतों में खड़ी फसलों में नुकसान पहुंचा रहे हैं।
शासन और प्रशासन के पास खुले में घूमने वाले गोवंश से फसलों का नुकसान बचाने के लिए कोई येाजना नहीं है। कांग्रेस ही किसानों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ रही है। अब किसान चौपाल के माध्यम से कांग्रेस किसानों को जागरूक करेगी। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष मनोज कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, मनोज शाक्य, सोनम, सरोज, जागेश्वर सिंह, सुरेश राठौर, अरविंद शाक्य मौजूद रहे।