टूंडला के टूंडली में किसानों ने गायों को धर्मशाला में किया बंद
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। टूंडली में किसानों ने गोवंश को बाउंड्रीवाल के अंदर बंद कर दिया। शिकायत मिलने पर मंगलवार को एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर गोवंशों को मुक्त कराते हुए गोशालाओं में पहुंचवाया। वहीं शेष गोवंशों के लिए बाउंड्रीवाल के अंदर ही चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। टूंडली में फसल के नुकसान को देखते हुए सोमवार देर रात किसानों ने 85 से अधिक गोवंशों को बाउंड्रीवॉल के अंदर बंद कर दिया। किसानों का कहना है कि गोवंश उनकी फसल को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं।
अभी आलू बुवाई का काम चल रहा है और गोवंशों का झुंड खेत में पहुंचकर नुकसान पहुंचा रहा है। इससे आजिज आकर उन्होंने गोवंशों को बाउंड्रीवॉल में बंद कर दिया। मंगलवार को जब एसडीएम केपी सिंह तोमर को इस बात की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर 15 गोवंशों को टीकरी, 15 को ठार बल्दी गोशाला में भिजवाया। अभी बाउंड्रीवाल के अंदर करीब 55 गोवंश शेष बचे हैं। जिनके चारे की व्यवस्था के लिए पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
गोवंश को बंद करने की जानकारी पर समाधान के लिए टूंडली पहुंचकर किसानों को समझाया। इसके साथ ही उनकी समस्या का निराकरण कराया है। शासन स्तर से सभी अवकाशों को निरस्त कर दिया गया है। बावजूद इसके बीडीओ और ईओ नगर पालिका छुट्टी पर हैं। ईओ और बीडीओ की डीएम से शिकायत की जायेगी।
केपी सिंह तोमर, एसडीएम, टूंडला