आगरा। एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने किसान से 18 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की है। आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देकर ठगी को अंजाम दिया।
पिनाहट के गांव सिकतरा निवासी योगेश कुमार ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक निवेश संबंधी विज्ञापन देखकर उसके लिंक पर क्लिक किया। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम एप पर एक ग्रुप से जोड़ दिया गया। आईडी बनवाकर निवेश करने के लिए बताया गया। पीड़ित के अनुसार 1 जनवरी 2025 से निवेश शुरू कराया गया और उसे विश्वास दिलाया गया कि 30 दिसंबर 2025 तक उसकी रकम दोगुने से अधिक हो जाएगी। झांसे में आकर उसने करीब 18 लाख रुपये जमा कर दिए।
शुरुआत में उसे कुछ स्क्रीनशॉट और लाभ दिखाकर भरोसे में लिया गया। जब उसे पैसों की जरूरत पड़ी और उसने रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने जीएसटी के नाम पर अतिरिक्त रकम और जमा करा ली। इसके बाद संपर्क बंद कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की।
थाना प्रभारी साइबर क्राइम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के बारे में जानकारी की जा रही है। जिन खातों में रकम भेजी गई, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
-
निवेश से पहले करें कंपनी की जांच
डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले निवेश संबंधी विज्ञापनों पर भरोसा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। टेलीग्राम या व्हाट्सएप पर मिलने वाले निवेश ऑफर अक्सर फर्जी होते हैं। कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं से दूर रहें। जीएसटी, टैक्स या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रुपये किसी को न दें। निवेश से पहले कंपनी की जांच जरूर करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।