आगरा के अछनेरा के प्राथमिक विद्यालय बघरैना में तैनात सहायक अध्यापक को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जांच में सामने आया है कि अध्यापक ने नौ वर्ष में दो बार हाईस्कूल की परीक्षा पास की है। दोनों बार उसकी जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज है।
ये है मामला
कस्बा किरावली के मोहल्ला व्यापारियान निवासी जमील कुरैशी ने शिकायत की थी कि पिनाहट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बघरैना में तैनात शिक्षक अब्दुल रज्जाक ने फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी हासिल की है। मामले में एडी बेसिक महेश चंद्र ने शिक्षक को शैक्षिक प्रमाण पत्रों जमा कराकर जांच कराने के निर्देश दिए। जांच में अभिलेखों में गड़बड़ी मिली। इस पर बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में अपने ही विद्यालय में संबद्ध किया गया है।