मैनपुरी। नगला पजाबा के पास शिक्षक के निर्माणाधीन मकान में रखा करीब दो लाख रुपये का सामान मंगलवार रात चोरी हो गया। बुधवार सुबह जानकारी होने के बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र में एमजी रोड नगला पजाबा के पास निवास कर रहे सरकारी शिक्षक दीपक सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने मकान का निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने बिजली व नल की फिटिंग का ठेका गांव मरोली के ठेकेदार को दिया था। उसके कहने पर करीब दो लाख रुपये का सामान खरीदकर मकान में रखवा दिया था। सामान आ जाने के बाद भी ठेकेदार काम करने नहीं आया। इस बीच मंगलवार रात चोर बिजली और नल फिटिंग का सारा सामान चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह मकान में पहुंचने पर जानकारी हुई। शिक्षक ने कोतवाली में तहरीर देकर केस दर्ज किए जाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।