बरौली अहीर। बमरौली कटारा के विधायक चौराहे पर स्थित सर्राफ की दुकान से शनिवार की रात चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने उठा ले गए। चोर बगल में स्थित कॉलेज के अंदर घुसकर सीढ़ी के दरवाजे की कुंडी काटकर लैब में घुसे। दुकान की छत काटकर वारदात को अंजाम दिया।
ताजगंज के पावन धाम, शमसाबाद रोड निवासी अंकित वर्मा की बमरौली कटारा के विधायक चौराहे पर वर्मा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोर दुकान से करीब 5-6 किलो चांदी के आभूषण और 5 तोले सोने के गहने लो गए हैंए। उनकी दुकान में नौकरी कर रहे सोनू निवासी कोलारा कलां ने रविवार की सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोली। शटर खोलते ही छत कटी देख उसके होश उड़ गए। उसने दुकान मालिक अंकित वर्मा को घटना की जानकारी दी। दुकानदार ने मौके पर पहुंचकर घटना देखी। इसके बाद बमरौली कटारा पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मौके से एक सब्बल भी मिला है। एसीपी मयंक पाठक व थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। इसके बाद फोरेंसिंक और खोजी कुत्ते को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। एसीपी ने बताया कि दुकान से सोने-चांदी के गहने चोरी होना बताया जा रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।