थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के नगला बेर से सोमवार तड़के घर के बाहर बंधे पशु को गोकश चोरी कर ले गए और मानसिक आरोग्यशाला के पिछले हिस्से में गोकशी कर दी।
इसकी जानकारी पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची थाना जगदीशपुरा और हरीपर्वत की पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
भीम नगर, नगला बेर निवासी सुनील कुमार के पास कई पशु हैं। सुनील ने थाना हरीपर्वत पुलिस को बताया कि घर के बाहर बंधे पशुओं में से एक सोमवार तड़के चोरी हो गया। नगला बेर के पास टूटी पड़ी मानसिक आरोग्यशाला की दीवार के पास गोकशी कर दी गई।
मानसिक आरोग्यशाला परिसर में अवशेष मिले। सुनील ने थाना हरीपर्वत में तहरीर दी। कैलाश प्रखंड के अध्यक्ष करन गर्ग ने बताया कि शहर में असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
लॉकडाउन में भी गोकशी कर रहे हैं। इस दौरान प्रदीप शर्मा, शिवम दुबे, गौरव यादव, नवीन पचौरी, मनीष गौतम, अंकित कठेरिया, सारांश, शिवम अग्रवाल, मनोज कुमार आदि पहुंचे। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले में कार्रवाई थाना जगदीशपुरा में की जाएगी।