मैनपुरी। वसंत पंचमी का त्योहार जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को विद्या देवी माता सरस्वती की घरों और मंदिरों में पूजा हुई। शहर के प्रसिद्ध श्री एकरसानंद आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में दो दिवसीय कार्यक्रम शुरू हो गए। वहीं अन्य कॉलेजों में भी माता सरस्वती की पूजा हुई। हालांकि यह त्योहार सोमवार को भी जिले में मनाया जाएगा।
वसंत पंचमी को पूरे देश में ज्ञान विज्ञान सुख शांति के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। श्री एकरसानंद आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में पारंपरिक पूजन के साथ मनाने की परंपरा रही है। द्वि-दिवसीय वसंतोत्सव मां सरस्वती के पूजन और श्री रामचरित मानस के अखंड पाठ के साथ प्रारंभ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामबदन पांडेय ने मां सरस्वती का पूजन किया। छात्रों के द्वारा श्री रामचरित मानस का अखंड पाठ भी प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय कुमार शुक्ल ने किया। समस्त पूजन विधि और विहित नियमानुसार डॉ. अभिषेक कुमार तिवारी, डॉ. अशोक कुमार पांडेय द्वारा संपादित कराया गया।
इस अवसर पर डॉ. कल्पना, डॉ. महेश कुमार द्विवेदी, डॉ. सुशील कुमार, राजकमल सिंह चौहान, काव्यांशी मिश्रा, देशबंधु गुप्ता, श्याम दीक्षित, कृष्णदत्त मिश्र मौजूद रहे।
आरसी की छात्राओं ने की मां की आराधना
मैनपुरी। कुंवर आरसी कन्या इंटर काॅलेज की छात्राओं ने वसंत पंचमी के अवसर पर विद्यालय में माता सरस्वती की आराधना की। इस दौरान छात्राओं ने वीणा वादिनी माता का एक स्वर में भजन भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं। संवाद
शिशु मंदिर में हुआ हवन का आयोजन
भोगांव। पुरानी आलू मंडी में युवाओं ने वसंत पंचमी पर मां सरस्वती की पूजा की। मां सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य गोपाल कृष्ण दीक्षित ने हवन पूजन कराया। बच्चों ने मां सरस्वती के स्वरूप रखकर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आचार्य अवधेश कुमार ने कहा कि मां ज्ञान का अपार भंडार है। जो भी सच्चे मन से मां की पूजा करता है वह ज्ञान एवं बुद्धि में कभी किसी से पिछड़ता नहीं है। इस अवसर पर आनंद कुमार, वीरेंद्र शर्मा, अर्पित शर्मा, सागर चौहान, संजय शर्मा, हर्ष, प्रशांत पाल, जितिन चौहान, आकाश श्रीवास्तव मौजूद रहे। संवाद