मैनपुरी।एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देश पर शहर के पंडित जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में खेलो इंडिया एथलेटिक्स अस्मिता लीग का आयोजन किया जा रहा है। 28 नवंबर को होने वाली लीग के लिए खिलाड़ी 25 नवंबर तक निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव राघवेंद्र दुबे ने बताया कि भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन और मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स के संयुक्त प्रयास से खेलों में बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए बालिका एथलेटिक्स लीग का आयोजन देशभर में किया जा रहा है। शहर के नेहरु स्टेडियम में 28 नवंबर को एथलेटिक्स लीग का आयोजन होगा। लीग में अंडर-14 आयु वर्ग और अंडर-16 आयु वर्ग की बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगी। एथलेटिक्स एसोसिएशन टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन स्वतंत्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14 आयु वर्ग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का जन्म 21 दिसंबर 2011 से 20 दिसंबर 2013 के मध्य और अंडर-16 आयु वर्ग में भाग लेने वाली खिलाड़ियों का जन्म 21 दिसंबर 2009 से 20 दिसंबर 2011 के मध्य होना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जनपद के माध्यमिक, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय और सीबीएससी बोर्ड के विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते है।