छात्राओं से छेड़छाड़, आरोपियों की तलाश
स्कूल संचालक की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। कस्बा स्थित एक विद्यालय की छात्राओं के साथ बाइक सवार भाई आए दिन छेड़छाड़ करते हैं। जानकारी होने के बाद संचालक की ओर से थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक विद्यालय के प्रबंधक ने बताया कि विद्यालय में आसपास के गांव की कई छात्राएं पढ़ती हैं। बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने के लिए कई वाहन लगे हुए हैं। वाहन किशनी के जटपुरा चौराहे से होकर गुजरते हैं। आरोप लगाया कि कई दिनों से मोहल्ला कृष्णानगर निवासी दो सगे भाई हनी यादव और मनी यादव पल्सर बाइक से स्कूली वाहनों का पीछा करते हैं। रोककर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं। जब वाहन चालकों द्वारा विरोध किया गया तो उन्हें धमकी दी। जानकारी होने के बाद उनके छोटे भाई ने आरोपियों से वाहनों का पीछा नहीं करने की बात कही। इस पर आरोपियों ने भाई को फोन पर गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।