कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से कोचिंग के लिए जा रही छात्रा को आरोपियों ने शादी के लिए अगवा कर लिया। मामले में छात्रा के पिता ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सर्विलांस की मदद से छात्रा को बरामद करने के प्रयास कर रही है।
शहर की कालोनी से बीते 18 अप्रैल की सुबह छात्रा कोचिंग के लिए घर से निकली। लेकिन वह घर वापस नहीं हुई। उसके देर शाम तक घर न आने पर परिजन को चिंता हुई। परिजन ने उसके सेलफोन पर संपर्क किया तो वह स्विचऑफ था। परिजन ने उसकी सहेलियों से भी संपर्क किए। अन्य रिश्तेदारियों में भी उसके बारे में जानकारी की गई। तलाश करने के दौरान पिता को जानकारी हुई कि रामेश्वर, दीपक, गुड्डी और सनी निवासी मामों को छात्रा को अगवा कर साथ ले गए हैं। पिता का आरोप है कि सनी उनकी पुत्री की शादी जबरन करना चाहता है, जिसके उद्देश्य से परिजन के साथ मिलकर उसे अगवा किया है। उसकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सीओ अजीत चौहान ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छात्रा की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। शीघ्र ही बरामदगी कर न्यायालय के समक्ष बयान कराए जाएंगे।