आगरा में बंदरों के उत्पात से आजिज आए एसएसपी कार्यालय के स्टाफ ने अब लंगूर का सहारा लिया है। इसे एसएसपी दफ्तर के सामने एसपी वेस्ट के दफ्तर की ओर जाने वाले रास्ते पर तैनात किया गया है।
यह दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक यहीं पर रहा करेगा। उम्मीद है कि इसकी मौजूदगी से बंदर दफ्तर के अंदर नहीं आएंगे। इसका किराया तीन हजार रुपये महीना जाएगा। इसके खाने का बंदोबस्त पुलिस की ओर से ही होगा। लाइन के मेस में इसके लिए भोजन तैयार होगा।
एसएसपी अमित पाठक के सामने उनके स्टाफ ने यह मामला रखा था कि बंदर बाज नहीं आ रहे हैं। खिड़कियां बंद करने केबावजूद कहीं से भी जरा सा रास्ता मिलते ही अंदर आ जाते हैं। मेन गेट पर जाली लगवाई जा चुकी है लेकिन पीछे के रास्ते बंदर आ रहे हैं।
सिर्फ आते ही नहीं हैं, उत्पात मचाते हैं। फाइल फाड़ जाते हैं, कुर्सी तोड़ देते हैं, गंदगी कर जाते हैं। इसके चलते अब लंगूर तैनात करने का निर्णय लिया गया है। यह बुधवार को दफ्तर पर लगा दिया गया।