मैनपुरी। कलेक्ट्रेट के वकीलों ने बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन दिया है। एक वकील के खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट की निष्पक्ष जांच कराकर झूठी रिपोर्ट लिखाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसपी को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि कलेक्ट्रेट के वकील बलवीर सिंह के खिलाफ 26 मई 2024 को कोतवाली में एक रिपोर्ट हमला करने, गालियां देने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में दर्ज कराई गई है। जमीन के जिस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, उस मामले में दीवानी न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। रिपोर्ट लिखाने वाले तथा आरोपी बनाए गए वकील के मकान पर सीसीटीवी लगे हुए हैं। सीसीटीवी तथा मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।
ज्ञापन में एसपी से दर्ज कराई गई रिपोर्ट की निष्पक्ष जांच कराकर झूठी रिपोर्ट लिखाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वेंद्र सिंह यादव, पीडि़त बलवीर सिंह यादव, अशोक यादव, पूरन सिंह, संजीव, रमेश यादव, रामचंद्र शाक्य, केके यादव मौजूद रहे।