आगरा। गर्मी और लू की वजह से डॉग लवर्स को अपने पालतू कुत्तों की सेहत चिंता होने लगी है। वह उनके खाने-पीने और रहन-सहन को लेकर सतर्क हो गए हैं।
नगला पदी निवासी गंगा ने बताया कि उनके पास जर्मन शेफर्ड है। जब से लू का अलर्ट हुआ है, उसके खाने में बदलाव किया है। दोपहर में दूध की जगह दही और चावल दे रहे हैं। शाम को अंडों की मात्रा कम कर दी है। दिन में कई बार मिट्टी के बर्तन में रखा पानी पिलाते हैं। इसके साथ ही छायादार जगह और एसी लगे कमरे में रख रहे हैं।
मधु नगर निवासी कविता ने बताया कि उनके पास गोल्डन रिट्रीवर है। उसके बालों को छांट दिया है, जिससे गर्मी कम लगे। उसके खाने में कच्ची रसदार सब्जियों की मात्रा बढ़ा दी है। दिन में कई बार उसे पानी पिलाते हैं। हर समय घर के अंदर रख रहे हैं, जिससे बीमार न पड़ जाए। अधिक गर्मी होने पर वह खाना छोड़ देता है।
पशु चिकित्सक विपिन यादव का कहना है कि गर्मी और लू पालतू जानवरों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है। कई बार सही देखभाल न मिलने पर बेजुबानों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में अपने पालतू के बारे में अतिरिक्त सावधानी बरतें।
यह भी ध्यान रखें
- सीधे धूप और लू से बचाएं।
- धूप में घुमाने ले जाने से बचें।
- गर्म तासीर वाला खाना न दें।
- ताजा और ठंडा पानी दिन में कई बार पिलाएं।
अपने डॉगी के साथ कविता और गंगा।