आगरा। जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल में आयोजित गोपाल दास स्मृति बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 (अंडर-19 बालक वर्ग) का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल ने चैंपियन होने का खिताब हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल ने गायत्री पब्लिक स्कूल को 60-30 से हराकर खिताब जीता। शिवालिक पब्लिक स्कूल ने शारदा वर्ल्ड स्कूल को 46-27 से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। जॉन मिल्टन के आरव ने 24 अंक बनाकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि साबिर और त्रिशांक ने 10-10, अमन ने 8 और अंकुश ने 6 अंक जोड़े। अन्य टीमों के यशपाल, अनिरुद्ध और रंजीत ने भी बेहतरीन खेल दिखाया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास रहे। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि गौरी शंकर सिंह ने खेलों को राष्ट्र निर्माण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का आधार बताया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनोद बंसल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल और संस्कार का संतुलन आवश्यक है। प्रशासक विशाल बंसल, अधिवक्ता मोहित बंसल एवं प्रधानाचार्या एवलिन एफ. लाल मसीह ने आभार व्यक्त किया। निर्णायक मंडल में कौशलेंद्र सिंह, शैलेंद्र सोनी, दीपक सिंह, कुलदीप यादव, हिमांशु और पंकज रहे। आयोजन सचिव राजेश शर्मा, मधुसूदन शर्मा का भी सहयोग रहा।