आगरा के सिकंदरा में गैस लाइन शिफ्टिंग के कारण सोमवार को दिन में औद्योगिक क्षेत्र और रात को घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और आपूर्ति प्रभावित रही। रात 9 बजे ट्रांसपोर्ट नगर सहित 6 कंप्रैस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) स्टेशन बंद हो गए। मंगलवार शाम चार बजे तक 50 हजार घरों में गैस आपूर्ति बंद हो सकती है।
पीएनजी और सीएनजी सप्लाई करने वाली ग्रीन गैस लिमिटेड ने सोमवार दोपहर दो बजे से मंगलवार शाम चार बजे तक 26 घंटे के लिए गैस बंदी की घोषणा की थी। सोमवार दोपहर 2 बजे गैस लाइन शिफ्टिंग शुरू हो गई लेकिन, दिन में सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति प्रभावित नहीं रही। सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थिति कुछ औद्योगिक इकाइयों में गैस आपूर्ति प्रभावित रही। रात 9 बजे ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य इलाकों में पीएनजी और सीएनजी बंद की गई। जिसके बाद रात में गैस की किल्लत रही।
जयपुर हाउस निवासी अनीशा पुरसनानी ने बताया कि एलपीजी गैस की बुकिंग कराई थी, लेकिन सिलिंडर की डिलिवरी नहीं होने से रात का खाना बाजार से खरीदना पड़ा। मंगलवार को दयालबाग, पश्चिमपुरी, शास्त्रीपुरम, शाहगंज, वायु विहार, पथौली आदि क्षेत्रों में गैस आपूर्ति प्रभावित रह सकती है। उधर, सीएनजी स्टेशन पर वाहनों को गैस नहीं मिलेगी।