ताजमहल के आसपास क्षेत्र में फैली गंदगी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा स्मार्ट सिटी के ताजगंज क्षेत्र में आने वाले नौ वार्ड में शनिवार को कूड़ा उठान नहीं हुआ। इसकी वजह से स्थानीय लोगों से लेकर सैलानियों तक को सड़क से लेकर घरों तक में गंदगी का सामना करना पड़ा। नगर निगम के सेनिटरी इंस्पेक्टर और सफाई नायक के बीच हुई मारपीट के बाद कर्मचारियों की हड़ताल के बीच आला अधिकारी दिनभर ताजगंज जोनल कार्यालय पर डटे रहे लेकिन कर्मचारी नहीं माने। नगर आयुक्त के मुलाकात न करने के बाद सफाई कर्मियों ने रविवार को भी हड़ताल जारी रखने का एलान किया है।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें ताजगंज जोनल कार्यालय के नजदीक सेनिटरी इंस्पेक्टर लक्की शर्मा और सफाई कर्मी बॉबी वाल्मीकि एक दूसरे से मारपीट करते हुए दिख रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी लगाने व काटने के नाम पर शर्मा भ्रष्टाचार कर रहे हैं। आरोपों और सोशल मीडिया पर हो रही बदनामी के बीच नगर निगम के आला अधिकारियों ने चुप्पी साध ली। इंस्पेक्टर पर कार्रवाई न होने और सिर्फ सफाई कर्मियों को मुख्यालय से संबद्ध करने से भड़के कर्मचारी नेताओं ने शनिवार को सुबह से ही सिर्फ नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से बात करने पर अड़े रहे।