कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के एक गांव में विद्युत निगम का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले 3 आरोपियों पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की संपत्ति चिन्ह्त करने के लिए ढोलना के थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं।
सोरों क्षेत्र के गांव खेरपुर में 13 मई को विद्युत निगम का अधिकारी बनकर खालिद व इसरार निवासी बहेटा एवं अवनीश निवासी फतेहपुर सहावर पहुंच गए। वे गांव में लगे ग्रामीणों के कनेक्शनों को अवैध बताने लगे। ग्रामीणों से रुपयों की मांग करने लगे। जब ग्रामीणें ने उनसे पूछताछ की तो एमडी कार्यालय आगरा की विजीलेंस टीम का अधिकारी बताया। ग्रामीणों को उन पर कुछ शक हुआ। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस और विद्युत निगम को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने सोरोंजी के थाना प्रभारी डीके त्यागी को गैंगस्टर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विवेचना कर रहे ढोलना थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा को आरोपियों की संपत्ति चिन्ह्त करने के निर्देश दिए हैं। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई हैं। आरोपियों की संपत्ति को चिन्ह्त किया जा रहा है। शीघ्र ही कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।