कसगंज। नववर्ष में गंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कलक्ट्रेट सभागार में तैयारियों से संबंधित बैठक की गई। डीएम ने अधिकारियों को तैयारियों से संबंधित दिशा निर्देश दिए। गंगा किनारे के गांवों में स्वच्छता एवं वृक्ष लगाने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को पूरी करने को निर्देशित किया।
डीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि प्रदेश में प्रस्तावित गंगा यात्रा का आयोजन नववर्ष 2020 के जनवरी माह में किया जाएगा।
गंगा नदी प्रदेश के 26 जिलों तथा कासगंज जनपद के 34 तटवर्ती गांवों मेें होकर प्रवाहित होती है। पांच दिवसीय गंगा यात्रा में 1025 किलोमीटर दूरी तय होगी। राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री द्वारा गंगा यात्रा का उद्घाटन करेंगे। यात्रा के अंतिम दिन समागम कानपुर में होगा। गंगा यात्रा के दौरान प्रत्येक दिन, प्रत्येक जनपद में मंत्री, सांसद, विधायक द्वारा गंगा नदी के किनारे पड़ने वाली ग्राम पंचायतों, नगर निकायों में रात्रि विश्राम किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि सिंचाई व जलशक्ति विभाग इस यात्रा का नोडल विभाग है। जनपद में गंगा नदी में इस्माइलपुर से कछला होते हुए कादरगंज तक वाटरवोट द्वारा यात्रा प्रस्तावित है। यात्रा के दौरान तटवर्ती 34 गांवों में गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पर्यावरण से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन होना है। इन सभी गांवों में गंगा पार्क, स्वच्छ शौचालयों, खेलकूद पार्क, पॉलिथीन मुक्त स्वच्छता तथा ठोस अपशिष्टों का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
गंगा तट के किनारे स्थित सभी धार्मिक, अध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों को आस्था के साथ ही पर्यटन की गतिविधियों से जोड़ने के लिए रूपरेखा तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि सोरों तथा गंगा के किनारे स्थित सभी 34 गांवों का सघन भ्रमण कर लें। बैठक में सीडीओ तेजप्रताप मिश्र, परियोजना निदेशक डीआरडल्ीए रामायण सिंह यादव, डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ, जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान, जिला पंचायतराज अधिकारी, सिंचाई एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, ईओ, ग्राम प्रधान तथा ग्रामसचिव आदि उपस्थित रहे।