कासगंज। पिछले 24 घंटे में जिले में गंगा के जलस्तर में 15 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों ने राहत महसूस की हैं। नरौरा से डिस्चार्ज कम हुआ है, लेकिन हरिद्वार से डिस्चार्ज में 18 हजार क्यूसेक पानी की वृद्धि हुई है, लेकिन हरिद्वार के बढ़े हुए डिस्चार्ज का प्रभाव 63 घंटे बाद यहां पहुंचेगा तब तक जलस्तर और कम हो जाएगा। सिंचाई विभाग का मानना है कि अभी जलस्तर में और गिरावट दर्ज होगी।कछला ब्रिज पर गंगा में खतरे का निशान 165.20 पर है। खतरे के निशान से गंगा 1.85 मीटर नीचे बह रही है। ऐसी स्थिति को देखते हुए गंगा में जलस्तर में वृद्धि के कोई संकेत नहीं हैं। उतरती गंगा से तटबंधों में कटान होने की आशंका है। कटान प्रभावित गांव बरौना पर निगरानी बढ़ा दी गई है। क्योंकि गंगा के जलस्तर में उतार चढ़ाव के कारण तटबंध की बोरियां धंस रहीं थीं। जहां भी यह बोरी धंसती हैं वहीं पर सिंचाई विभाग के द्वारा अतिरिक्त बोरियां लगाई जाती हैं। जिससे कटान की आपदा थमी हुई है।