सोरों (कासगंज)। कोतवाली क्षेत्र के गांव गुलाबगढ़ी के पास भैंस चराने गया एक ग्रामीण की गंगानदी में डूब गया। रातभर परिजन व ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे। सूचना पर सुबह कोतवाली पुलिस ने गोताखोर लगाकर उसका शव निकलवाया।
क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी झंडू सिंह(55) पुत्र होरीलाल शनिवार दोपहर भैंस चराने गंगानदी किनारे गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पास के ही खेत में भैंस चरती मिली गई। लेकिन झंडू सिंह का कुछ पता नहीं चला। रातभर परिजन तलाश करते रहे। रविवार सुबह सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह मौके पर पहुंचे।
ग्रामीण गोताखोर तलाश को लगाए गए। काफी देर तक गोताखोरों ने ग्रामीण की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद शव झाड़ियों में फंसा मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सोरों कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह ने बताया कि ग्रामीण शनिवार दोपहर गंगा किनारे भैंस चराने गया था। इसी दौरान गंगा में डूबकर मौत हो गई।