फोटो संख्या 14 - कासगंज के सुन्नगढ़ी किलौनी क्षेत्र में होता कटान रोधी कार्य। स्रोत: सिंचाई व
कासगंज। पहले बारिश फिर बाढ़ और अब कटान। गंगा के तटीय इलाकों में रहने वाले ग्रामीण कटान की विभीषिका से परेशान है। सुन्नगढ़ी क्षेत्र के किलौनी और किसौल गांव के कई किसान भूमिहीन हो चुके हैं। करीब एक हजार बीघा कृषि भूमि के गंगा में समाने का अनुमान है। इतनी बड़ी आपदा के बाद प्रशासन ने अब तक किसानों की सुधि नहीं ली है। गंगा के कटान को देखते हुए युद्धस्तर पर कटानरोधी कार्य करने की जरूरत है, लेकिन अभी तक शासन को प्रस्ताव बनाकर भी नहीं भेजा गया है। अस्थाई कटान रोधी कार्य से ही काम चलाया जा रहा है।
जिले में गंगा की धारा करीब 72 किलोमीटर लंबी बहती है। हर साल की तरह इस बार भी बाढ़ उतरते ही गंगा की धारा ने कटान शुरू कर दिया। यह कटान सदर तहसील क्षेत्र के डेलासराय में शुरू हुआ। वहीं मुजफ्फरनगर इलाके में कटान ने गति पकड़ी। यहां भी कई गांव के किसानों की भूमि गंगा में कटकर समा गई, लेकिन इन दोनों स्थानों की सुध प्रशासन ने नहीं ली है और न ही इन इलाकों में कोई कटानरोधी कार्य शुरू किए गए। कटान का सर्वाधिक प्रभाव सुन्नगढ़ी के किलौनी किसौल इलाके में है। यहां किए जा रहे कटानरोधी कार्य दो दिन रुके रहे। सोमवार को फिर से कटानरोधी कार्य शुरू किया गया। पटियाली तहसील की राजस्व टीम ने यहां कटान पीड़ित किसानों की भूमि कटने का ब्यौरा एकत्रित किया है। इसके मुताबिक करीब 1 हजार बीघा भूमि कट चुकी है। सोमवार को भी राजस्व टीम मौके पर पहुंची।