आगरा। शहर में फेरी लगाकर ताले-चाबी बनाने के बहाने तिजोरी साफ करने वाले गैंग के दो बदमाशों को थाना एत्माद्दौला पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि उन्होंने तीन घटनाओं को करना कबूल किया है।
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि आरोपी सूरत निवासी परवत सिंह और मध्य प्रदेश के बड़वानी निवासी रमेश चावला हैं। दोनों को हाथरस रोड स्थित मछली वाली पुलिया से गिरफ्तार किया गया। उनसे जेवरात बरामद किए गए।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दोनों मोहल्लों में फेरी लगाते हैं। इस दौरान आवाज लगाते हैं कि ताले की चाबी बनवा लो। जब कोई व्यक्ति घर में बुला लेता है तो अलमारी की चाबी बनाने लगते हैं। इस दौरान ताला खराब कर देते हैं। उसे सही करने का बहाना करते हैं। मकान मालिक से कभी तेल तो कभी पानी मांगकर ध्यान भटका देते हैं। नजर बचाकर तिजोरी से जेवरात और रुपये निकाल लेते हैं। इसके बाद फरार हो जाते हैं।
उन्होंने दस मार्च को सीता नगर में एक मकान की अलमारी से नकदी और जेवरात चोरी किए थे। आठ मार्च को दुर्गा नगर, सदर में चोरी की थी। पांच महीने पहले भी सीता नगर में तिजोरी साफ कर दी थी।
ताला चाबी बनाने वाले गिरोह ने थाना न्यू आगरा क्षेत्र में भी दो वारदात की थी। मगर, उस समय पकड़ा गया गैंग नहीं था। 14 फरवरी को इंजीनियर कॉलोनी निवासी एसोसिएट प्रोफेसर रनवीर सिंह के घर में घुस गए थे। जेवरात और रुपये चोरी करके ले गए थे। इससे पहले 18 दिसंबर 2021 को लायर्स कॉलोनी स्थित गिर्राज नगर में सेवानिवृत्त कर्मचारी ललित कपूर के घर की अलमारी से चोरी की थी। इन दोनों ही घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से इन घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की, लेकिन वो कुछ नहीं बता सके।