कोसीकलां मंडी समिति परिसर में गेहूं की ढेरियों की छनाई करते मजदूर।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। लॉकडाउन के चलते रविवार को गल्ला मंडी खुली। इसमें नए गेहूं की आवक रही। मंडी परिसर में एक हजार क्विंटल नया गेहूं आया। वहीं, मंडी कार्यालय में पास बनवाने के लिए मारामारी मची रही।
किसानों की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करते हुए गल्ला मंडी खोले जाने के निर्देश दिए। गल्ला मंडी प्रशासन ने मंडी में करीब तीन सौ थोक व फुटकर व्यापारी हैं। मंडी में प्रवेश करने के लिए पास व पहचान पत्र की आवश्यक है, जिससे कि मंडी में अधिक भीड़ एकत्रित न हो। मंडी में अधिक भीड़ न हो इसके लिए किसानों के माल की लोडिंग व अनलोडिंग का समय निर्धारित किया गया है और व्यापारियों के ट्रक की लोडिंग- अनलोडिंग का समय अलग तय किया गया है।
रविवार को मंडी में करीब सभी आढ़तियों ने अपनी दुकानें खोलीं। खाद्यान्न विक्रेता व्यापारी संघ के अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने बताया कि मंडी में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सभी दुकानदारों एवं पल्लेदारों, मजदूरों ने काम किया। किसानों को मंडी खुलने का पता न होने पर पहले दिन आवक कम रही। आने वाले दिनों में किसानों की संख्या बढ़ेगी। मंडी सचिव उमेश चौधरी के अनुसार करीब एक हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई। मंडी में किसानों एवं आढ़तियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।