गेल गैस अधिकारियों से भेंट करते नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल स
- फोटो : देश दीपक तिवारी
आगरा। गेल गैस की ओर से पिछले छह महीने के औसत उपभोग के आधार पर की जा रही कटौती और उससे आ रहे भारी ओवरड्रॉल बिलों से उद्यमियों को जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद है। गेल गैस लिमिटेड के सीईओ आशु सिंघल से उद्यमियों ने सोमवार को मुलाकात की। उन्हें आश्वासन मिला कि 29 को बोर्ड बैठक में इस समस्या के स्थायी समाधान का प्रस्ताव रखा जाएगा।
सोमवार को नोएडा स्थित कार्यालय में नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान गेल के सीजीएम (मार्केटिंग) जफर खान और सीएफओ अमित झलानी के सामने भी गैस इकाइयों की समस्याएं रखी गईं। अध्यक्ष ने बताया कि सितंबर 2025 से मार्च के औसत उपभोग पर कटौती लगाने से उद्यमियों को बेवजह ओवरड्रॉल के बिल मिल रहे थे। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि पिछले 6 माह के औसत के बजाय सीधे कॉन्ट्रैक्टेड मात्रा का 75 या 80 प्रतिशत करते हुए उस पर 20-25 फीसदी का कट लगाने का प्रस्ताव लाया जाएगा। गेल गैस प्रकोष्ठ के चेयरमैन विवेक जैन ने अधिकारियों के समक्ष एलसी और बिलिंग से जुड़ी अन्य समस्याएं भी उठाईं। वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल में अंशुल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।