खुशआमदीद... मेहमानों के स्वागत में शहर गुलशन सा सजा है। आज शाम पांच बजे एयरपोर्ट पर जी-20 देशों के प्रतिनिधि आएंगे। उनका एयरपोर्ट से शिल्पग्राम तक शाही अंदाज में भव्य स्वागत होगा। जिन रास्तों से काफिला गुजरेगा वहां माहौल बदला नजर आएगा।
14 चौराहों पर गेंदे व गुलाब की बारिश और फूलों की होली होगी। 10 चौराहों पर रंगोली सजेगी। 10 चौराहों पर बच्चे 20 देशों के झंडे लहराएंगे। जहां-जहां मेहमान के कदम पड़ेंगे वहां मयूर नृत्य से लेकर बृज की संस्कृति झूमती नजर आएगी।
भारत को पहली बार जी-20 देशों की मेजबानी मिली है। ऐसे में दुनियाभर की नजर आगरा पर टिकी है। शुक्रवार शाम को आगरा पहुंचने के बाद रात में मेहमान रात्रि भोज करेंगे। 11 व 12 फरवरी को महिला सशक्तीकरण पर कॉन्फ्रेंस होगी। शनिवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्र भाई आएंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता फिक्की की अध्यक्ष डॉ. संगीता रेड्डी करेंगी। महिला एवं बाल विकास से जुड़ीं 20 देशों की महिला नेत्रियां, सचिव और वक्ता सहित 150 सदस्य शामिल होंगे।
ये मेहमान रहेंगे खास
- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी
- केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ मुंजपारा महेंद्र भाई
- फिक्की की अध्यक्ष डॉ. संगीता रेड्डी
- नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत
- 20 देशों में महिला नेत्रियां व अधिकारी
ये होंगे कार्यक्रम
पहला दिन : 11 फरवरी 2023
- सुबह 7:15 से 7:45 तक योग शिविर
- सुबह 8:45 से 9:45 तक पावर ब्रेकफास्ट विद वूमन लीडर
- सुबह 10:10 बजे सम्मेलन का आरंभिक सत्र
- पूर्वाह्न 11:00 बजे स्वागत भाषण, सम्मेलन शुरू
- पूर्वाह्न 11:45 बजे महिला नेतृत्व पर संवाद
- दोपहर 1:00 से 2:30 बजे तक भोजन
- अपराह्न 3:00 बजे से पुन: सत्र आरंभ
- शाम 4:00 बजे तक विभिन्न विषयों पर चर्चा
- शाम 5.45 बजे महिलाओं की भागीदारी पर संवाद
- शाम 6.15 बजे आगरा किला का भ्रमण
- शाम 7.14 बजे किले में प्रोजेक्शन मैपिंग, हाई टी
- रात 8.30 बजे भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम
दूसरा दिन : 12 फरवरी 2023
- सुबह 7:15 से 7:45 बजे तक योग शिविर
- सुबह 8:45 से 9:45 बजे तक ब्रेकफास्ट
- सुबह 10:10 बजे विशेष संबोधन
- सुबह 10:30 बजे कला, संस्कृति, बेहतर दुनिया पर संवाद
- दोपहर 12:00 बजे समापन सत्र
- दोपहर 1:00 बजे जी-20 में महिलाओं की प्राथमिकताएं
- दोपहर 1:00 से 2:30 बजे तक दोपहर का भोजन
- शाम 4:00 बजे ताजमहल का भ्रमण
- शाम 7:30 बजे सांस्कृतिक संध्या
तीसरा दिन : 13 फरवरी
- आगरा से वापसी
इन विषयों पर होगा मंथन
- महिलाओं के नेतृत्व में विकास
- डिजिटलाइजेशन से महिला नेतृत्व को पुन: परिभाषित करना
- महिलाओं को सशक्त बनाने में डिजिटलाइजेशन की भूमिका
- गैर पारंपरिक कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी
- लैंगिक समानता के अवसरों का प्राप्त करने के लिए समर्थन
- कला, संस्कृति और एक बेहतर दुनिया
- तकनीक और नवाचार में लड़कियों की भूमिका
- महिला नेतृत्व, उद्यम और आर्थिक विकास