आगरा के बाह के हेलो गैंग के सरगना ने इटावा में ठिकाना बनाया था। सोशल मीडिया पर फुल बॉडी मसाज का विज्ञापन देकर लोगों से ठगी कर रहा था। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच की। इसके बाद सरगना सहित तीन को पकड़ लिया। सरगना बाह के पिढ़ौरा में पूर्व में पकड़ा गया था। उनके पास से नकदी भी बरामद की गई है।
सोशल मीडिया पर देते थे विज्ञापन
इकदिल थाना के एसओ रणबहादुर सिंह ने बताया कि पिढौरा के रीठई गांव निवासी बंटू निषाद, चित्राहाट के पुरा बीरबल गांव निवासी सोनू राजपूत और जसवंत नगर स्थित फकीरे की मढै़या के यदुनाथ राजपूत को गिरफ्तार किया। बंटू निषाद वर्ष 2021 में बाह में पकड़ा गया था। उसे जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद बंटू ने यदुनाथ और सोनू के साथ गैंग बना लिया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर फुल बाडी मसाज का विज्ञापन देने लगे। एक नंबर देते थे, जिस पर कॉल करने पर जानकारी देते थे।