मैनपुरी। बेसिक शिक्षा विभाग से बर्खास्त किए गए फर्जी शिक्षकों से अब वसूली होगी। साथ ही उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। महानिदेशक शिक्षा उत्तर प्रदेश विजय किरण आनंद ने इस संबंध में बीएसए को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिले में अब तक 105 शिक्षकों की बर्खास्तगी हो चुकी है। वर्ष 2017 में जिले से 31 शिक्षकों को बर्खास्त किया गया था। वर्ष 2019 में 74 शिक्षकों की बर्खास्तगी की गई है।
इन सभी शिक्षकों को वेतन व भत्तों के रूप में प्रदान की गई धनराशि को वसूलने के निर्देश महानिदेशक शिक्षा उत्तर प्रदेश ने दिए हैं। महानिदेशक ने पत्र जारी करते हुए कहा है कि 31 जनवरी तक इनके विरुद्ध हुई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। महानिदेशक ने इन शिक्षकों के विरुद्ध एफआईआर कराने को भी कहा है। पत्र प्राप्त होने के बाद विभाग तैयारियों में जुट गया है।
30 नवंबर को जिले से बर्खास्त किए गए 74 फर्जी शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा विभाग को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। फर्जी और फेंक अंकपत्रों के सहारे पिछले 10 साल में ये शिक्षक 50-50 लाख रुपये वेतन पाकर विभाग को लगभग 37 करोड़ का नुकसान पहुंचाने में सफल हुए हैं। बर्खास्तगी के बाद अब इन शिक्षकों से वेतन रिकवरी की कार्रवाई भी की जाएगी। जबकि 2017 में बर्खास्त हुए शिक्षक करीब 10 करोड़ रुपये वेतन के रूप में प्राप्त कर चुके थे।