कासगंज। कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) टीवी शो के नाम पर कुछ ठग सक्रिय हो गए हैं। पाकिस्तान के कोड नंबर +92 से लोगों को व्हाट्सएप पर केबीसी के नाम पर एक लॉटरी टिकट भेजी जा रही है। जिले में कई लोगों को इस तरह की टिकट मिली हैं। यदि आप लालच में आए तो ठगी का शिकार होना तय है।
लोगों को ठगने के लिए ठगों ने नया फंडा निकाला है। पाकिस्तान के +92 कोड से मोबाइल पर ठगों ने एक व्हाटसएप ग्रुपबनाया है। गुप्र में लोगों के मोबाइल पर एक इनामी टिकट भेजी जा रही है। इसमें 25 लाख रुपये इनाम जीतने का लालच दिया जा रहा है।
ये लिखा है टिकट पर
टिकट पर ऊपर आल इंडिया सिम कार्ड लकी ड्रॉ कंप्टीशन लिखा है। इसी के नीचे विभिन्न टेलीकॉम कंपनी की सिम बनी हुई हैं। एक तरफ अभिनेता अमिताभ बच्चन का चित्र है और दूसरी ओर भारत सरकार की अशोक की लाट वाली मोहर छपी हुई है। टिकट पर यह भी लिखा है कि प्रिय ग्राहक आपने 25 लाख रुपये का इनाम जीता है। अधिक जानकारी चाहते हैं तो दिए गए व्हाटसएप नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। टिकट के दूसरी ओर लॉटरी संख्या छपी है। एक व्हाटसएप नंबर भी लिखा है।
ये बरतें सावधानी
- अपना खाता नंबर या अधार नंबर किसी को न दें
- मोबाइल पर आने वाली ओटीपी न करे शेयर।
- बैंकिंग लेनेदेन के लिए अपने लैपटॉप या कंप्यूटर का ही प्रयोग करें।
- ठगी के संबंध में पुलिस में दर्ज कराएं शिकायत।
लकी नंबर चुनने पर हो चुकी है ठगी
मोबाइल पर मैसेज देकर लकी नंबर चुने जाने के लालच में आकर लोग पहले भी ठगी का शिकार होते रहे हैं। सुल्तानपुर निवासी राजीव मौर्य ने बताया कि पिछले वर्ष जनवरी में उन्हें भी केबीसी का लॉटरी टिकट भेजा गया था।
मेरे मोबाइल पर केबीसी के नाम से लॉटरी टिकट भेजी है। दिए गए नबर पर व्हाटसएप पर बात करने को कहा गया। जब मैंने फोन किया तो एक अन्य नंबर पर बात करने के लिए बोला गया। वह नंबर डायल किया तो खाता नंबर सहित अन्य जानकारी मांगी गई, लेकिन मैंने नहीं दी।
- यश सक्सेना।
पाकिस्तान के कोड नंबर से मोबाइल पर लॉटरी टिकट मिली है। इस पर 25 लाख के इनाम का लालच दिया गया है। केबीसी भारत का टीवी कार्यक्रम है, लेकिन पाकिस्तान का नंबर होने की वजह से मैंने संपर्क नहीं किया।
-हरिओम माहेश्वरी।